आग से कबाड़ का स्टोर जला, गाड़ियां भी चपेट में आईं

0
b08802eb3f9ff71a3c7b81e0859e6203

शिमला{ गहरी खोज }: राजधानी शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत हीरानगर के पास शडोग गांव में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते सड़क किनारे बने एक कबाड़ के स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से वहां रखा पूरा कबाड़ जलकर राख हो गया और आसपास खड़ी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले जंगल की तरफ लगी थी और तेज हवा के कारण धीरे-धीरे फैलते हुए सड़क किनारे बने कबाड़ के स्टोर तक पहुंच गई। स्टोर में बड़ी मात्रा में कबाड़ रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से भड़क गई। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। इससे आसपास के इलाके में रहने वाले लोग घबरा गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका। इस इलाके में आसपास रिहायशी मकान भी मौजूद थे, इसलिए समय रहते आग पर काबू पाना बेहद जरूरी था।
दमकल विभाग के अनुसार आग की चपेट में आकर कबाड़ के स्टोर का अधिकतर सामान जल गया है। इसके अलावा सड़क किनारे पार्क की गई कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि दमकल कर्मियों की समय पर कार्रवाई के कारण आग आसपास के घरों तक नहीं पहुंच पाई और बड़ा हादसा टल गया।
बालूगंज स्थित अग्निशमन केंद्र के अधिकारी गोपाल दास ने बताया कि दमकल विभाग की टीम अभी भी मौके पर मौजूद है और पूरी तरह से आग बुझाने का काम जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आग संभवतः जंगल में लगी फॉरेस्ट फायर से फैली और आगे बढ़ते हुए कबाड़ के स्टोर तक पहुंच गई। दमकल विभाग के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन उनकी टीम ने समय पर कार्रवाई कर आसपास की करोड़ों रुपये की संपत्ति को बचा लिया और किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *