डाक सेवाओं की शिकायतों की सुनवाई के लिए 24 को लगेगी डाक अदालत

0
813624c2748e321369e59622959fd160

जयपुर{ गहरी खोज }: डाक विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए 24 मार्च को सुबह 11 बजे डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह अदालत इंडिया पोस्ट के तहत जयपुर स्थित मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय के साथ-साथ अजमेर और जोधपुर के पोस्टमास्टर जनरल कार्यालयों में आयोजित होगी।
इस डाक अदालत में डाक एवं रेल डाक सेवा की काउंटर सेवाएं, मनीऑर्डर, मूल्य देय वस्तुएं, बचत बैंक, स्पीड पोस्ट, पार्सल, बीमाकृत वस्तुएं, डाक जीवन बीमा और विदेशी डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें इन सेवाओं से जुड़ी कोई शिकायत है तो वे अपना शिकायत पत्र पूर्ण विवरण के साथ संबंधित पोस्टमास्टर जनरल को भेज सकते हैं। शिकायत भेजने की अंतिम तिथि 19 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त शिकायतों पर विचार नहीं किया जाएगा।
जयपुर क्षेत्र से संबंधित शिकायतें सहायक पोस्टमास्टर जनरल (जन शिकायत एवं अन्वेषण), कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, राजस्थान परिमंडल जयपुर को भेजी जा सकती हैं। इस डाक अदालत में जयपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, करौली, सीकर और झुंझुनूं जिलों के उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *