नाबालिग का अपहरण व दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार{ गहरी खोज }: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 मार्च को थाना बुग्गावाला क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया कि परमजीत पुत्र रामचन्द्र निवासी ग्राम बड़ी लाम, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली बुग्गावाला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक प्रीति तोमर द्वारा की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक बुग्गावाला द्वारा पुलिस टीमों का गठन कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आज आरोपित को उसके गांव बड़ी लाम से हिरासत में ले लिया। आरोपित का नाम पता परमजीत पुत्र रामचन्द्र, निवासी ग्राम बड़ी लाम, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 22 वर्ष बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
