मामूली कहासुनी के दाैरान दाे युवकाें काे मारा चाकू, दाे नाबालिग पकड़े
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में बुलिंग का बदला लेने के लिए दो नाबालिगाें ने 18 वर्षीय युवक और उसके दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने मामले में शामिल दो नाबालिग को पकड़ लिया है और उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त अकांक्षा यादव ने मंगलवार को बताया कि 5 मार्च की शाम करीब पांच बजे शिकायतकर्ता आकाश तोमर अपने दोस्तों के साथ जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-4 के पास बस स्टॉप पर एक रेहड़ी पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान गलती से उसका हाथ वहां खड़े एक लड़के से टकरा गया, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान आकाश के दोस्त अर्शिल ने उस लड़के को थप्पड़ मार दिया और उसका बैग पकड़ लिया। इसके बाद उस लड़के और उसके साथियों ने आकाश और अर्शिल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आकाश को 2-3 चोटें और अर्शिल को 4-5 चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक इस संबंध में मुखर्जी नगर थाने में एफआईआर संख्या 82/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर राजीव शाह के नेतृत्व में टीम बनाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय सूत्रों और तकनीकी इनपुट के आधार पर एक किशोर को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर भलस्वा इलाके में उसके मामा के घर के पास खाली मैदान में दबाकर रखा गया चाकू बरामद किया गया। इसके बाद दूसरे किशोर को भी दबोच लिया गया, जो लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था। उसके घर से भी वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों किशोरों ने खुलासा किया कि वे अर्शिल और उसके दोस्तों द्वारा कथित तौर पर लंबे समय से की जा रही बुलिंग और परेशान करने की हरकतों से नाराज थे। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अर्शिल को सबक सिखाने की साजिश रची और ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से चाकू मंगवाकर हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को पकड़कर उनके कब्जे से दो चाकू बरामद कर लिए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
