एएफसी महिला एशियन कप से बाहर हुआ भारत, चीनी ताइपे ने 3-1 से हराया
सिडनी{ गहरी खोज }: ऑस्ट्रेलिया के वेस्टर्न सिडनी स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए ग्रुप-सी के अपने अंतिम मुकाबले में भारतीय महिला फुटबॉल टीम को चीनी ताइपे के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारत का एएफसी महिला एशियन कप 2026 में सफर समाप्त हो गया और टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाने से चूक गई।
भारतीय टीम के सामने क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए यह मुकाबला बेहद अहम था। अगले दौर में जगह बनाने के लिए भारत को इस मैच में चीनी ताइपे को कम से कम दो गोल के अंतर से हराना जरूरी था, लेकिन टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी और जरूरी बढ़त हासिल नहीं कर सकी।
मुकाबले की शुरुआत में ही चीनी ताइपे ने आक्रामक खेल दिखाया। टीम को 12वें मिनट में बढ़त मिल गई, जब वाई. एच. सु ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल के बाद भारतीय टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन विपक्षी टीम की सुदृढ़ रक्षा पंक्ति के सामने उसे ज्यादा मौके नहीं मिले।
पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में भारत को बड़ा झटका लगा, जब भारतीय गोलकीपर एलांगबम पंथोई चानू से गलती हो गई और गेंद उनके हाथों से निकलकर अपने ही गोल में चली गई। इस आत्मघाती गोल के चलते चीनी ताइपे की बढ़त 2-0 हो गई और भारत की स्थिति और मुश्किल हो गई।
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने वापसी की कोशिश की और कुछ आक्रामक मूव बनाए। इसी दौरान फॉरवर्ड मनीषा कल्याण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबी दूरी से एक बेहतरीन फ्री-किक पर गोल दाग दिया। इस गोल से भारतीय टीम की उम्मीदें फिर से जगीं और स्कोर 2-1 हो गया। हालांकि मैच के अंतिम चरण में चीनी ताइपे ने एक और गोल कर भारत की वापसी की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। 77वें मिनट में वाई. सी. चेन ने गोल दागकर अपनी टीम की बढ़त 3-1 कर दी, जो अंत तक बरकरार रही। गौरतलब है कि इससे पहले भारत को टूर्नामेंट में अपने शुरुआती मुकाबलों में वियतनाम और जापान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए चीनी ताइपे के खिलाफ दो गोल से जीत जरूरी थी, लेकिन टीम इस चुनौती को पार नहीं कर सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
