विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया और प्रावधानों को अधिक आकर्षक बनाया जाए : उप मुख्यमंत्री

0
TN5-Bhopal100326064132

भोपाल{ गहरी खोज } : उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार तथा आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेजों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं के उन्नयन से संबंधित प्रस्तावों को सभी आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ति करते हुए शीघ्र तैयार कर पीएससी की स्वीकृति के लिए अग्रेषित किया जाए। बैठक में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बुधनी, छतरपुर और दमोह में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों के कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में शैक्षणिक स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाए, जिससे राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त कर आगामी शैक्षणिक सत्र से इन मेडिकल कॉलेजों का संचालन प्रारंभ किया जा सके।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष बल देते हुए संबंधित प्रक्रियात्मक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया और प्रावधानों को अधिक आकर्षक बनाया जाए, जिससे योग्य एवं अनुभवी विशेषज्ञों की नियुक्ति सुनिश्चित की जा सके और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो सकें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने एएनएम भर्ती परीक्षा के रिक्त पदों की शीघ्र काउंसलिंग पूर्ण कर पदस्थापना करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी योजनाओं और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री अशोक बर्नवाल, आयुक्त श्री धनराजु एस उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *