बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सर्वाइकल कैंसर से बचाओ : ब्रजेश पाठक

0
7a9a2a672ffe52b2beca113806e606c8

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने की प्रदेश में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत

46 लाख बेटियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य, गुणवत्तापरक इलाज सर्वोच्च प्राथमिकता

लखनऊ{ गहरी खोज }: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी को सर्वाइकल कैंसर से बचाओ। बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद आवश्यक है। प्रदेश सरकार बेटियों को लेकर बहुत फिक्रमंद है। उनकी सेहत से लेकर सुरक्षा तक को लेकर लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए शनिवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रदेशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। डिप्टी सीएम ने वैक्सीन लगवाने वाली बेटियों को सर्टिफिकेट भी वितरित किए।
केजीएमयू के अटल बिहारी वाजपेयी सांइटिफिक कन्वेंशन सेंटर में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश की तकरीबन 46 लाख किशोरियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। ये वैक्सीन सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त लगाई जाएगी। तीन माह वैक्सीन का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बेटियों को वैक्सीन लगवाने के लिए परिजनों को जागरुक किया जाएगा। वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के जनपद अजमेर से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए नई एचपीवी वैक्सीन के लॉन्च के साथ ही प्रदेश में भी इस अभियान की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री द्वारा वैक्सीन के लांच कार्यक्रम में डिप्टी सीएम, विभागीय अधिकारीणगण केजीएमयू से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। कोरोना महामारी व टीकाकरण अभियान में भारत बाकी देशों से कहीं आगे है। डिप्टी सीएम ने कहा कि जच्चा-बच्चा का टीकाकरण लंबे समय से चल रहा है। बच्चे को 12 से 14 प्रकार के टीके मुफ्त लगाए जा रहे हैं। नए टीके अभियान में जोड़े जा रहे हैं। इससे मातृ एवं शिशु मृत्युदर में कमी लाने में काफी मदद मिल रही है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि टीकाकरण अभियान में एक भी बेटी वंचित न रहे। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि एक भी बेटी टीकाकरण से वंचित न रहे। ग्राम प्रधान, बाल विकास व महिला कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया जाएगा।
हमारी सरकार बेटियों को आगे बढ़ने में जुटी है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए भी अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बेटियों को स्कूल तक भेजने में माता-पिता घबराते थे। आज वोट की ताकत से बनी सरकार ने गुंडों-माफियों को खदेड़ दिया है। पुलिस में करीब 35 प्रतिशत बेटियों की हिस्सेदारी हो गई है। बेटियां प्रदेश के लोगों को सुरक्षा दे रही हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर बहुत आम है। यह महिलाओं में होने वाले सभी कैंसर का लगभग 22.86 प्रतिशत है। गर्भाशय कैंसर के नए मामलों और इससे होने वाली मौतों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है। टीकाकरण से बेटियों को सुरक्षाकवच प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पिंकी जोएल, महानिदेशक, परिवार कल्याण, डॉ. एचडी अग्रवाल, अपर मिशन निदेशक एवं विशेष सचिव धीरेंद्र सिंह सचान, डॉ. केके सिंह, सीएमओ, लखनऊ डॉ. एनबी सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *