उपराष्ट्रपति शुक्रवार को आईआईएमसी के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे

0
4a8c9bf26fd502d5b2aece6c65869113

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 27 फरवरी को भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह समारोह आईआईएमसी के नई दिल्ली परिसर में आयोजित किया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार समारोह की अध्यक्षता आईआईएमसी के कुलाधिपति एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू, आईआईएमसी सोसायटी के अध्यक्ष आर. जगन्नाथन, आईआईएमसी की कुलपति डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ तथा रजिस्ट्रार एल. मधु नाग सहित संस्थान के प्राध्यापक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे।
दीक्षांत समारोह में वर्ष 2024-25 बैच के विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्रदान किए जाएंगे। इनमें पत्रकारिता (अंग्रेजी, हिंदी, रेडियो एवं टीवी, डिजिटल मीडिया, ओडिया, उर्दू, मराठी और मलयालम) तथा विज्ञापन एवं जनसंपर्क के विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र शामिल हैं। समारोह के दौरान सभी छह परिसरों के प्रत्येक पाठ्यक्रम के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को कुल 35 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें से 23 पदक नकद पुरस्कार सहित होंगे।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति आईआईएमसी नई दिल्ली में नए शैक्षणिक भवन एवं छात्रावास भवन की आधारशिला भी रखेंगे। साथ ही केंद्रीय मंत्री वैष्णव संस्थान के इनक्यूबेशन सेंटर में ‘क्रिएटर्स लाउंज’ का उद्घाटन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *