दिल्ली में पहली बार इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, 25 से 31 मार्च तक आयोजन

0
full46904

नई दिल्ली { गहरी खोज }: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में पहली बार आयोजित होने जा रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 का कर्टेन रेजर किया। उन्होंने इसे दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक और सिनेमाई केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक अवसर बताया। इस अवसर पर दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाला यह सिटी-वाइड फिल्म फेस्टिवल भारत मंडपम सहित नई दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने इसे दिल्ली की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सोच का उत्सव बताते हुए कहा कि यह पब्लिक फेस्टिवल होगा, जिसमें हर दिल्लीवासी की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से स्थानीय फिल्मकारों और तकनीशियनों को वैश्विक मंच मिलेगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं के साथ संवाद के अवसर बनेंगे। यह आयोजन फिल्म पर्यटन, प्रतिभा विकास, एवीजीसी क्षेत्र और रोजगार सृजन के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार की फिल्म नीति के अनुरूप सिंगल-विंडो सुविधा, प्रोडक्शन सपोर्ट और उद्योग सहयोग के माध्यम से दिल्ली को शूटिंग के लिए आकर्षक डेस्टिनेशन बनाया जा रहा है। आईएफएफडी को दीर्घकालिक सांस्कृतिक परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य दिल्ली को वैश्विक फिल्म हब के रूप में स्थापित करना है।
फिल्म महोत्सव में 125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ गाला प्रीमियर, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। डिजिटल और उभरते सिनेमा को समर्पित विशेष प्रस्तुतियां नई तकनीक और नवाचार को मंच प्रदान करेंगी।
सिनेएक्सचेंज फिल्म मार्केट और सिनेवर्स एक्सपो के माध्यम से फिल्म उद्योग से जुड़े पेशेवरों को नेटवर्किंग, वितरण और निवेश के अवसर मिलेंगे। विशेषज्ञों की मास्टरक्लास और इंडस्ट्री पैनल चर्चाएं प्रतिभागियों को व्यावहारिक समझ प्रदान करेंगी, जबकि सांस्कृतिक संध्याएं आयोजन को बहुआयामी स्वरूप देंगी।
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली क्रिएटिव कैपिटल के रूप में उभर रही है। यह महोत्सव युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा और पर्यटन, रोजगार तथा रचनात्मक उद्योगों को नई ऊर्जा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *