किसानों को फंसाने वाले साहूकारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी: पंकज भोयर

0

मुंबई{ गहरी खोज }: गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि महाराष्ट्र में किसानों को कर्ज के जाल में फंसा कर उनसे अधिक रकम वसूलने वाले साहूकारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रपुर जिले में एक किसान द्वारा साहूकार का कर्ज चुकाने के लिए अपनी किडनी बेचने के मामले की जांच एसआईटी (विशेष जांच दल) कर रही है। इस मामले में मकोका लगाने का विचार सरकार कर रही है।
विधानसभा में बुधवार को कांग्रेस के विजय वडेट्टीवार, नितीन राऊत, भाजपा के अतुल भातखलकर आदि सदस्यों ने राज्य में चल रहे किडनी बिक्री रैकेट का मुद्दा उठाया। वडेट्टीवार ने कहा कि चंद्रपुर जिले में एक साहूकार ने एक लाख के कर्ज के लिए किसान से उसका ट्रैक्टर, खेत बिकवाकर 74 लाख रुपये वसूले। इसके बाद भी साहूकार ने कर्ज वसूली के लिए किसान को तंग करना जारी रखा। इसके बाद साहूकार ने पीड़ित किसान को डेटा सेंटर में नौकरी का लालच देकर विदेश भेज दिया, जहां उसकी किडनी बेच दी गई और बकाया कर्ज की रकम वसूली गई।
वडेट्टीवार ने कहा कि यह रैकेट दिल्ली और दक्षिण भारत तक फैल गया है। उन्होंने इस किडनी रैकेट के मुख्य मास्टरमाइंड और इसमें शामिल साहूकारों के खिलाफ ‘मकोका’ के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही संबंधित किसान को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की तुरंत मदद दिए जाने की भी मांग की। इस पर गृह राज्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसान की मदद करेगी। मंत्री पंकज भोयर ने कहा कि इस मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ऐसे मामलों में कानून को और सख्त बनाने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *