अभिषेक और तिलक की फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं, संजू को मौका दिया जा सकता है: कोटक
चेन्नई{ गहरी खोज }: भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने खराब फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लय में लौटने का समर्थन किया लेकिन बृहस्पतिवार को यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 विश्व कप सुपर आठ मैच में शीर्ष क्रम में रणनीतिक बदलाव से इनकार नहीं किया जिसमें संजू सैमसन को खिलाना भी शामिल है। आईसीसी के इस बड़े टूर्नामेंट से पहले शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक के लिए अब तक चीजें मुश्किलें रही हैं। उन्होंने चार मैचों में 3.75 के औसत और 75 के स्ट्राइक-रेट से सिर्फ 15 रन बनाए हैं।
लेकिन कोटक को बाएं हाथ के इस खिलाड़ी की काबिलियत पर कोई शक नहीं है जो पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ ग्रुप मैच में नहीं खेल पाए थे।
कोटक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘अभिषेक की तबीयत खराब होने के बाद वह लय में नहीं आ पाए। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में वह अच्छी लय में लग रहा था। किसी एक व्यक्ति के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचना व्यक्तिगत रूप से मुझे कभी पसंद नहीं है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम किसी एक व्यक्ति पर इतना फोकस करेंगे तो जाहिर है, वह खिलाड़ी भी दबाव में आ जाएगा। जब वह 30, 40 गेंद में 80, 70, 90 या 100 रन बना रहा था, उस समय कोई बात नहीं कर रहा था। ’’
कोटक ने कहा, ‘‘हमारा काम उसे सकारात्मक रखना है। एक बार जब वह फिर से आक्रामक बल्लेबाजी करना शुरू कर देगा तो आप फिर से वही अभिषेक देखेंगे। टी20 में, कोई गारंटी नहीं दे सकता कि वह अगले मैच में ऐसा करेगा। तो मुझे लगता है कि वह (अभिषेक बड़े स्कोर बनाने से) दूर नहीं है। ’’
लेकिन इस टूर्नामेंट में ऑफ-स्पिनरों के खिलाफ अभिषेक का संघर्ष साफ दिख रहा है। वह नीदरलैंड के आर्यन दत्त जैसे नए खिलाड़ी के खिलाफ भी आउट हो चुके हैं। तो क्या जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में स्पिनरों का सामना करने के लिए संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है? कोटक ने इस बात से इनकार नहीं किया कि टीम प्रबंधन इस विकल्प पर भी सोच रहा है, लेकिन बदलावों के बारे में कुछ नहीं बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘हां, बदलाव हो सकते हैं क्योंकि बाएं हाथ के दो खिलाड़ी पारी का आगाज कर रहे हैं और नंबर तीन पर भी बाएं हाथ का खिलाड़ी है और प्रतिद्वंद्वी टीम स्पिन गेंदबाजी कर रही है। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई समस्या है लेकिन क्योंकि हम पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार गए थे, हमने पहले ओवर में एक विकेट गंवा दिया था। तो जाहिर है, कोई भी टीम यही सोचेगी।’’
कोटक ने कहा, ‘‘देखेंगे कि क्या होता है क्योंकि हम कभी भी टीम बहुत जल्दी तय नहीं करते हैं। अपनी योजना पहले से बताना ठीक नहीं है। लेकिन इस पर बातचीत तो होगी ही। ’’ सौराष्ट्र के इस दिग्गज ने यहां नेट्स पर सैमसन के अभिषेक से पहले बल्लेबाजी करने के बारे में भी कुछ कहने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बात हर नेट पर सामान्य है, अभिषेक शुरू में बल्लेबाजी नहीं करता। वह हमेशा दूसरी और तीसरी जोड़ी में बल्लेबाजी करता है। संजू सामान्य तौर पर हमेशा ऊपर बल्लेबाजी करता है क्योंकि अभिषेक पहले बल्लेबाजी नहीं करता। और संजू तीसरा सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर है। ’’
कोटक ने कहा, ‘‘वह कहीं भी बल्लेबाजी करता है। कभी-कभी वह कुछ ड्रिल करना चाहता है। तो यह (सैमसन को शामिल करने का) कोई संकेत नहीं है। हां, निश्चित रूप से उसे खिलाने के बारे में सोचा जाएगा। लेकिन नेट्स से कोई संकेत नहीं मिलता। ’’
भारतीय टीम के लिए दूसरी चिंता तीसरे नंबर के बल्लेबाज तिलक वर्मा (118) का स्ट्राइक रेट रहा है जिसने भारत को ईशान किशन से मिलने वाली लय से वंचित कर दिया। हालांकि कोटक को तिलक के बल्लेबाजी करने के तरीके में कोई कमी नहीं लगी।
उन्होंने कहा, ‘‘तिलक के साथ कोई दिक्कत नहीं है क्योंकि पाकिस्तान के मैच में हमारा लक्ष्य पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन था और उस विकेट पर वह काफी अच्छा था। ईशान ने अच्छी शुरुआत दी। वहां (कोलंबो में) गेंद स्पिन हो रही थी। इसलिए कोई भी टीम एक बार में 3-4 विकेट नहीं लेना चाहेगी। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘तिलक के लिए भी यह दो बाउंड्री की बात है। कभी-कभी बल्लेबाज उन गेंद को नहीं समझ पाता। अगर वह 30वीं या 32वीं बॉल पर 34-35 रन पर है, या 26वीं गेंद पर 28 रन पर है, अगर वह एक बाउंड्री, दो बाउंड्री और एक छक्का लगा लेता है तो वह आगे बढ़ जाएगा। ’’ कोटक ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि गेंद को डिफेंड करने का कोई सवाल ही है। उसे ऐसा कोई निर्देश नहीं है और ना ही वह खुद ऐसा सोचता है। इसलिए तिलक या अभिषेक को लेकर कोई तनाव नहीं है। ’’
