कोटा: चंबल नहर में बहे छात्र का शव 50 किमी दूर मिला, छह दिन से था लापता

0

जयपुर{ गहरी खोज } : राजस्थान में छह दिनों से लापता मध्य प्रदेश के एक नीट अभ्यर्थी लोकेश डांगी का शव नहर से बरामद किया गया। शव बारां जिला के अंता क्षेत्र में नहर के किनारे एक पेड़ में फंसा मिला। बताया गया कि वह पहले चंबल नहर में बह गया था और शव लगभग 50 किलोमीटर दूर मिला।23 वर्षीय लोकेश मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भदाहेरी गांव का निवासी था और पिछले पांच वर्षों से कोटा में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव बुरी तरह सड़ गया था। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अंता थाना पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे रेलवे पुल के पास लकड़ी इकट्ठा कर रहे स्थानीय लोगों ने नहर में पेड़ से फंसा शव देखा और तुरंत सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निकालकर परिवार को जानकारी दी। परिजन कई दिनों से लोकेश की तलाश कर रहे थे। बारां जिले में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर अंता पहुंचे। लाल टी-शर्ट और काले लोअर सहित कपड़ों के आधार पर शव की पुष्टि लोकेश के रूप में की। 17 फरवरी को लोकेश दोपहर में अपने हॉस्टल से निकला था और लौटा नहीं।
मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिवार उसी रात कोटा पहुंचा और बोरखेड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज में वह हॉस्टल से निकलकर नहर की ओर जाते हुए दिखाई दिया। अगले दिन 18 फरवरी को कैथून थाना क्षेत्र में नहर किनारे उसके जूते, चप्पल, टोपी और मोबाइल फोन बरामद हुए। 19 फरवरी से पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों ने नहर में कई किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। छठे दिन बारां जिले में शव मिलने के बाद मामले में नई कड़ी जुड़ी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है, ताकि मौत की परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *