सीसीटीवी व्यवस्था में कमी पर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी होगी तय:एसएसपी

0
fb56d1bba8ddd6a356b3e5a003cdbd2d

पौड़ी गढ़वाल{ गहरी खोज }: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने पुलिस लाइन पौड़ी में मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा एवं पुलिसिंग की गुणवत्ता से संबंधित विषयों पर व्यापक एवं गहन समीक्षा की गई।
गुरुवार को आयोजित बैठक में एसएसपी ने मुख्यालय स्तर से 1 माह की अवधि हेतु संचालित किए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्रैकडाउन वेरिफिकेशन ड्राइव के तहत सभी थाना प्रभारियों को अभियान को पूर्ण गंभीरता, जवाबदेही के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि हर थाना प्रभारी अभियान में व्यक्तिगत रूप से रुचि लेते हुए अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन सत्यापन करें।
कहा कि यह कार्यवाही केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। एसएसपी ने कहा कि ज्वैलर्स, बैंक व बड़े प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी व्यवस्था में कमी पर थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। किसी थाना क्षेत्र में इन प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की घटना कारित होने पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज या इससे संबंधित कोई कमी पाई जाती है तो संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कहा कि आपराधिक घटना होने पर संबंधित क्षेत्राधिकारी द्वारा अनिवार्य रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया जाएगा। एसएसपी ने नशा उन्मूलन अभियान को और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। कहा कि एनडीपीएस से संबंधित मामलों में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए जिससे नशा तस्करी में संलिप्त तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। एसएसपी ने गुमशुदा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कहा कि जमीनी विवाद मामलों में क्षेत्राधिकारी जांच उपरांत ही वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी ने जनपद में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सतत निगरानी, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक-एण्ड-ड्राइव, स्टंटबाजी एवं रॉन्ग साइड ड्राइविंग के साथ साथ ओवर लोडिंग वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त चालानी कार्यवाही करने को कहा। इस दौरान जनवरी माह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 पुलिस कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तुषार बोरा, सीएफओ राजेंद्र खाती आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *