दिल्ली में 25 और अटल कैंटीन का शुभारंभ

0
a3daacff5030a84bbc2d366b2dee00ed

नई दिल्ली{ गहरी खोज }:दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गीता कॉलोनी कृष्ण नगर से आज 25 और अटल कैंटीन का गुरुवार को उद्घाटन किया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने अटल कैंटीन में साथ बैठ कर भोजन भी किया। दिल्ली सरकार अटल कैंटीन में दिन में दो बार पांच-पांच रुपये में जरुरतमंद लोगों को भोजन देती है। मुख्यमंत्री ने राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर पर अटल कैंटीन का उद्घाटन करके इस योजना की शुरू की थी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य कुल 100 कैंटीन खोलने का है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि पिछली सरकार के 11 साल में कैंटीन फाइलों में ही अटके रहे और भाजपा सरकार के एक साल में ही 71 अटल कैंटीन खोले जा चुके हैं। ये है हमारे काम करने की स्पीड और स्केल। आज से इन अटल कैंटीन में 71 हजार थालियां प्रतिदिन परोसी जाएंगी। ये अटल कैंटीन हर मेहनतकश का सम्मान है। वो लोग जो दिल्ली को बनाते हैं, उनके लिए गर्म और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा मॉडल टाउन के लालबाग इलाके में अटल कैंटीन के शुभारंभ के मौके पर उपस्थित थे। इस मौके पर स्थानीय साथियों के साथ अटल कैंटीन में बैठकर भोजन भी किया।
सिरसा ने एक्स पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में अंत्योदय के विजन को जमीन पर उतारते हुए यह पहल जरूरतमंद परिवारों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि कोई भी भूखा न सोए, हर जरूरतमंद तक सम्मान के साथ भोजन पहुंचे, यहीं हमारा संकल्प है।
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने करावल नगर के चौहान पट्टी स्थित बस टर्मिनल पर अटल कैंटीन के शुभांरभ के मौके पर उपस्थित थे। उन्होंने टोकन लेकर अटल कैंटीन में लोगों के साथ भोजन भी किया। कपिल मिश्रा ने एक्स पोस्ट में कहा कि सरकार दिल्ली में लगातार अटल कैंटीन खोल रही है, ताकि आम आदमी को सस्ते में पौष्टिक भोजन मिल सके। भारतीय जनता पार्टी के सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने आज ए-ब्लॉक ज्वालापुरी नांगलोई में शुरू हुई अटल कैंटीन में लोगों के साथ भोजन किया। इस अवसर पर विधायक मनोज कुमार शौकीन भी उपस्थित रहे। चांदोलिया ने एक्स पोस्ट में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों से प्रेरित यह जनकल्याणकारी पहल मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर श्रमिकों, कर्मयोगियों और जरूरतमंद साथियों के सम्मान को सुदृढ़ करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *