भारत-क्रोएशिया ने एआई, स्वच्छ ऊर्जा व अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा

0
7c2a6416845c7b5413273bbf52752ce2

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट से इतर क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने भारत और क्रोएशिया के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पोस्ट में बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द लागू करने के लिए काम करने पर सहमति जताई। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने क्रोएशिया के लोगों की भारतीय संस्कृति, विशेषकर इंडोलॉजी, योग और आयुर्वेद में गहरी रुचि की सराहना की। उल्लेखनीय है कि 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह शिखर सम्मेलन अपनी तरह का दुनिया का चौथा सम्मेलन है। अब तक तीन वैश्विक एआई समिट आयोजित हो चुके हैं। इसकी शुरुआत 2023 में ब्रिटेन के ब्लेचली पार्क में हुए एआई सुरक्षा शिखर सम्मेलन से हुई थी। इसके बाद 2024 में दक्षिण कोरिया में एआई सोल शिखर सम्मेलन और 2025 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में एआई क्रियांवयन शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *