उत्तर पश्चिम रेलवे : रेल यात्रा के प्रति यात्रियों का भरोसा कायम, संख्या के साथ बढ़ी आय
जोधपुर{ गहरी खोज }: उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेल यात्रा के प्रति यात्रियों का भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक मंडल की विभिन्न ट्रेनों में 3 करोड़ 8 लाख 54 हजार यात्रियों ने सफर किया। इससे मंडल को 775 करोड़ रुपए की यात्री आय प्राप्त हुई, जो निर्धारित लक्ष्य से 10 प्रतिशत अधिक है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे द्वारा सुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रबंधन का सीधा असर यात्री संख्या और राजस्व पर पड़ा है। रेल यात्रा न केवल किफायती बल्कि सुरक्षित और सुविधाजनक होने के कारण आमजन की पहली पसंद बनती जा रही है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष के पहले 10 माह में यात्रियों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में सात प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि अभी वित्त वर्ष के दो माह शेष हैं। उन्होंने कहा कि इन 10 महीनों में प्राप्त यात्री आय न केवल निर्धारित लक्ष्य से अधिक रही है, बल्कि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक राजस्व अर्जित किया गया है, जो मंडल के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि जोधपुर मंडल को चालू वित्त वर्ष के पहले 10 माह में सभी मदों से कुल 2135.1 करोड़ रुपए की आय हुई है। यह आय निर्धारित लक्ष्य से एक प्रतिशत अधिक तथा पिछले वर्ष की तुलना में 5 प्रतिशत ज्यादा है। इससे स्पष्ट है कि मंडल की कार्यप्रणाली और यात्री सेवाएं लगातार बेहतर हो रही हैं।
रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। इनमें सेमी हाइस्पीड दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, त्योहारी सीजन और भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन, डिब्बों में वृद्धि, आरक्षित व अनारक्षित कोचों में बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता, समयबद्ध संचालन और यात्री सूचना प्रणाली में सुधार शामिल हैं। इन प्रयासों से यात्रियों का झुकाव रेलवे की ओर बढ़ा और इसका सकारात्मक असर राजस्व में वृद्धि के रूप में सामने आया।
जोधपुर मंडल पर अप्रेल 2025 से जनवरी 2026 तक कुल 32 जोड़ी ट्रेनों का 29 स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित करने के साथ ही इस अवधि में 12 हजार 696 अतिरिक्त कोच ट्रेनों में जोड़े गए तथा 67 ट्रेनों के 202 अतिरिक्त ट्रिप के संचालन से यात्री सुविधा में वृद्धि हुई।
