जांजगीर-चांपा में अवैध शराब पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 113 पाव देशी शराब जब्त, दो आरोपित गिरफ्तार

0
481b9199729b59ce3e94e949f4f13dac

जांजगीर-चांपा{ गहरी खोज }: जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में देशी शराब और कच्ची महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले भर में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी अकलतरा के मार्गदर्शन में थाना अकलतरा पुलिस ने ग्राम परसाही नाला क्षेत्र में रेड कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान आरोपी रामलाल जायसवाल के कब्जे से 113 पाव देशी प्लेन शराब और प्लास्टिक झिल्ली में भरी 23.600 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 13,760 रुपये आंकी गई है। वहीं दूसरी कार्रवाई में आरोपी इतवारी भार्गव, निवासी अकलतरा, के पास से 5 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 1,000 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बाबूलाल कोसरिया सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *