कुर्साकांटा के सुन्दरनाथ धाम में 15 दिवसीय मेला का शुभारंभ
अररिया { गहरी खोज }: जिले के कुर्साकांटा स्थित सुन्दरनाथ धाम मंदिर में महाशिवरात्रि पर लगने वाले 15 दिवसीय राजकीय मेला का शुभारंभ बीती रात्रि समारोहपूर्वक किया गया।मेला का शुभारंभ समारोह में सांसद प्रदीप कुमार सिंह,मंदिर प्रबंधन कमिटी के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विजय कुमार मंडल,डीएम विनोद दूहन,एसपी जितेन्द्र कुमार सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ कई जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध लोग मौजूद थे।कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम,एसपी,एमपी और एमएलए सहित मौजूद अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।मौके पर मंदिर प्रबंधन कमिटी की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत शॉल और मोमेंटो प्रदान कर स्वागत किया गया।
मौके पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सुन्दरनाथ धाम मंदिर का काफी धार्मिक महत्व है और यह मंदिर महाभारत काल से जुड़ा माना जाता है और बिहार-नेपाल के भक्तों के लिए प्रमुख आस्था का केंद्र है। सावन और शिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु जलार्पण करने आते हैं और मांगी गई मुरादें पूरी होती है लगातार मंदिर के प्रति शिव भक्तों में आस्था बढ़ रहा है।अज्ञातवास के दौरान पांडवों के द्वारा इस मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना और आराधना की गई थी।उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से मंदिर के सौंदर्यीकरण को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में यह आस्था का बड़ा केन्द्र होगा।
वहीं डीएम विनोद दूहन और एसपी जितेन्द्र कुमार ने मेले को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी करने की जानकारी देते हुए श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन कमिटी की ओर से सुरक्षा के साथ साथ सुविधाओं का इंतजाम किए गए हैं।मेला परिसर को सीसीटीवी कैमरा से लैस किया गया है।उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से मेला को संपन्न करवाने की अपील मंदिर प्रबंधन कमिटी और स्थानीय लोगों से अपील की।
मौके पर मंदिर प्रबंधन कमिटी के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विजय कुमार मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पिछले यात्रा के दौरान सौंदर्यीकरण को लेकर कई सौगात दिए।जिसको लेकर किया गया कार्य अंतिम रूप में है और जिस तरह आपरूपी अति प्राचीन इस मंदिर के प्रति लोगों में आस्था बढ़ी है।इसमें कोई दो राय नहीं कि बिहार के साथ देश और विदेशों के पर्यटकों को और अधिक आकर्षित करने का काम करेगी। मौके पर अन्य वक्ताओं ने सुन्दरनाथ धाम की महिमा की चर्चा की।
