हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार, पति की भूमिका भी जांच के घेरे में
यमुनानगर{ गहरी खोज }: यमुनानगर के एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि बाड़ी माजरा क्षेत्र की एक महिला कॉलोनी में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री कर रही है।
सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस दल का गठन किया गया, जिसमें महिला पुलिसकर्मी सहित अन्य सदस्य शामिल थे। टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।तलाशी की प्रक्रिया ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कराई गई। जांच के दौरान महिला के पास से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी का पति दीपक कुमार कथित रूप से मादक पदार्थ की आपूर्ति करता था, जबकि महिला उसे स्थानीय स्तर पर बेचती थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार महिला के विरुद्ध पहले भी नशा तस्करी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं, जबकि उसके पति के खिलाफ आठ प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
