पुणे में बंगाल के मजदूर की हत्या पर ममता बनर्जी का तीखा हमला
कोलकाता{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र के पुणे में पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूर की हत्या को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा आक्रोश जताया है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने इस घटना को बर्बर और नृशंस करार दिया। ममता बनर्जी ने अपने पोस्ट में लिखा कि पुरुलिया जिले के बड़ाबाजार थाना अंतर्गत तुमड़ाशोल के निवासी सुखेन महतो (31), जो अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, की पुणे में हत्या कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि सुखेन को उसकी भाषा और पहचान के कारण निशाना बनाया गया, जो इसे एक घृणा अपराध (हेट क्राइम) बनाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना उस माहौल का नतीजा है, जहां विदेशी-विरोध और नफरत को हथियार बनाया जा रहा है और निर्दोष लोग इसका शिकार बन रहे हैं। उन्होंने इस मामले में तत्काल गिरफ्तारी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। ममता बनर्जी ने सुखेन महतो के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा बंगाल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि न्याय दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
