महात्मा गांधी की अस्थियों का गंगा में विसर्जन
नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: इतिहास में 12 फरवरी के दिन बहुत सी घटनाएं दर्ज हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 30 जनवरी, 1948 को हत्या की गई थी और उनकी मृत्यु के 13वें दिन 12 फरवरी, 1948 को उनकी अस्थियों को देश के विभिन्न भागों में अलग-अलग पवित्र सरोवरों में विसर्जित किया गया था। एक अस्थि कलश को इलाहाबाद में गंगा नदी में प्रवाहित किया गया। 12 फरवरी 2022 को बजाज समूह के पूर्व चेयरमैन राहुल बजाज का पुणे में उनके आवास पर 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
उदारीकरण से पहले के दौर में भारत में ‘हमारा बजाज’ धुन एक वक्त मध्यमवर्गीय भारतीय परिवारों की महत्वाकांक्षा का प्रतीक थी और उनके बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं को प्रतिध्वनित करती थी। यह धुन थी बजाज ऑटो की और इसके पीछे बेहद बड़े कद वाले बेखौफ उद्योगपति थे राहुल बजाज जिन्होंने स्पष्ट और खुलकर बोलते हुए परमिट राज के दौरान दो पहिया और तीन पहिया वाहनों का ब्रांड स्थापित करके अपना दम दिखाया था।
ऑटोमोबाइल, जनरल बीमा तथा जीवन बीमा, निवेश एवं उपभोक्ता फाइनेंस, घरेलू उपकरण, इलेक्ट्रिक लैंप, पवन ऊर्जा, स्टेनलेस स्टील जैसे क्षेत्रों में कारोबार करने वाले बजाज समूह का नेतृत्व संभालकर उन्होंने इसे वृद्धि के रास्ते पर बढ़ाया। उनके नेतृत्व में बजाज ऑटो का कारोबार 7.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 12,000 करोड़ रुपये हो गया।
देश-दुनिया के इतिहास में 12 फरवरी की तारीख पर दर्ज विभिन्न घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1742 : महान मराठा दिग्गज नाना फडणवीस का जन्म।
1809 : ब्रिटिश वैज्ञानिक चार्ल्स डार्विन का जन्म।
1809 : अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का जन्म।
1818 : चिली ने स्पेन से आजादी की औपचारिक घोषणा की।
1922 : महात्मा गांधी ने कांग्रेस कार्यकारिणी समिति को असहयोग आन्दोलन को समाप्त करने के लिये राजी किया।
1948 : महात्मा गांधी की अस्थियों को इलाहाबाद में गंगा नदी सहित विभिन्न पवित्र स्थलों पर विसर्जित किया गया।
1975 : भारत को चेचक से मुक्त देश घोषित किया गया।
1996 : फलस्तीनी मुक्ति संगठन के नेता यासर अराफात को गाजा में फलस्तीन के प्रथम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई।
2002 : ईरान के एक विमान के ख़ुर्रमबाद हवाई अड्डे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 119 लोगों की मौत।
2002 : पाकिस्तान के अधिकारियों ने अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल के अपहरण के संदेह में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी अहमद उमर शेख को गिरफ्तार किया।
2009 : प्रसिद्ध अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन को कैंम्ब्रिज विश्वविद्यालय ने डी लिट की उपाधि से सम्मानित करने की घोषणा की।
2013 : उत्तर कोरिया ने तीसरा भूमिगत परमाणु परीक्षण किया।
2019 : तुर्की ने तख्तापलट के सिलसिले में 600 से अधिक व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
2020 : पद्मश्री से सम्मानित जानेमाने फैशन डिजाइनर वेंडेल रॉड्रिक्स का गोवा के कोलवले गांव स्थित उनके आवास पर 59 साल की उम्र में निधन।
2022 : बजाज समूह के पूर्व चेयरमैन राहुल बजाज का पुणे में उनके आवास पर 83 वर्ष की उम्र में निधन।
2024 : इजराइली बचाव अभियान के दौरान गाजा हवाई हमले में 50 फलस्तीनियों की मौत।
2025 : अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी महंत सतेंद्र दास का लखनऊ के एक अस्पताल में निधन। दास ने 20 वर्ष की आयु में ‘संन्यास’ ले लिया था। उन्होंने छह दिसंबर, 1992 को बाबरी मस्जिद के विध्वंस के दौरान भी पुजारी के रूप में सेवा की थी। बाद में जब सरकार ने परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया, तो उन्हें अस्थायी मंदिर का मुख्य पुजारी बना दिया गया।
