भरतपुर में लैब टेक्नीशियन 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर{ गहरी खोज }: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भरतपुर के राजकीय जनाना चिकित्सालय स्थित ब्लड स्टोरेज यूनिट (बीएसयू) में कार्यरत लैब टेक्नीशियन (प्लेसमेंट कार्मिक) राम कुवार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि करौली चौकी को शिकायत मिली थी कि आरोपी परिवादी को जनाना चिकित्सालय भरतपुर में संविदा पर टॉली पूलर वार्ड बॉय के पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है और परेशान कर रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई। उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी ने परिवादी को चिकित्सालय में बुलाकर 25 हजार रुपये रिश्वत के रूप में प्राप्त किए, तभी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
