पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘नया उत्तर प्रदेश’ विकास और समृद्धि का साक्षी बना :सीएम योगी

0
20260210144f

लखनऊ{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुधवार को पेश होने वाले बजट से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ विकास और समृद्धि के एक अभूतपूर्व दशक का साक्षी बन रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘नया उत्तर प्रदेश’ सुशासन, समावेशी विकास और जनकल्याण की नीति के साथ एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य के निर्माण की दिशा में निरंतर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश विधान मंडल में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट ‘आत्मनिर्भर-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई दिशा, नई ऊर्जा, स्पष्ट नीति-दृष्टि और ठोस कार्य योजना प्रदान करेगा।
साथ ही एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में राज्य की प्रगति को सुनिश्चित करेगा।” उन्होंने कहा कि गरीब के सम्मान, युवा के स्वाभिमान, मातृ शक्ति और किसान की समृद्धि को केंद्र में रखकर प्रस्तुत यह बजट ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण और ‘नए उत्तर प्रदेश’ के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बनेगा। एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी ने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ विकास और समृद्धि के एक अभूतपूर्व दशक का साक्षी बन रहा है। जन-जन के अटूट विश्वास और आशीर्वाद के फलस्वरूप आपकी सरकार आज लगातार 10वीं बार उत्तर प्रदेश विधान मंडल में प्रदेश के सर्वसमावेशी विकास का बजट पेश करने जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट 25 करोड़ प्रदेश वासियों की आशाओं और आकांक्षाओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का ‘दशकीय प्रमाण’ है।” बुधवार को उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना राज्य का बजट पेश करेंगे। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश सरकार का 10वां बजट होगा।
सीएम योगी की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें बजट को विधानसभा में पेश करने से पहले मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विधान परिषद में बजट पेश करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि इस बार उत्तर प्रदेश सरकार का बजट 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। इसके साथ ही, सरकार आम लोगों के लिए बजट में कई घोषणाएं कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *