कंटेनर की टक्कर से तृणमूल नेता की मौत
जलपाईगुड़ी{ गहरी खोज }: जलपाईगुड़ी में हुए एक सड़क हादसे में तृणमूल कांग्रेस के नेता लुत्फर रहमान की मौत हो गई। वे तृणमूल कांग्रेस के जलपाईगुड़ी अल्पसंख्यक सेल के ब्लॉक अध्यक्ष थे। हादसे में उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात लुत्फर रहमान अपनी बेटी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तभी गोशाला मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर बाइक को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में पिता-पुत्री दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लुत्फर रहमान को मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी का इलाज जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस की एक गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
