भुवनेश्वर रिंग रोड परियोजना के लिए एनएचएआई को अब तक 64 बोलियां प्राप्त हुईं

0
5cfbcfa258b5796e0ce19c71864763da

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को ओडिशा में भुवनेश्वर कैपिटल रीजन रिंग रोड परियोजना के लिए अब तक 64 बोलियां प्राप्त हुई हैं। यह परियोजना 111 किलोमीटर लंबी छह लेन की एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड रिंग रोड है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार परियोजना के निर्माण के लिए तीन पैकेज में निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। सभी पैकेजों में बोलीदाताओं की अच्छी भागीदारी रही। पैकेज-1 के लिए 23 बोलियां प्राप्त हुईं। पैकेज-2 में 25 और पैकेज-3 के लिए 16 बोलियां आईं। प्राधिकरण ने बताया कि परियोजना के लिए बोलियों का आवंटन मार्च तक किए जाने की संभावना है। परियोजना को ढाई वर्ष में पूरा किया जाएगा।
मंत्रालय के अनुसार छह लेन की यह रिंग रोड परियोजना केंद्रीय मंत्रिमंडल से स्वीकृत है। रिंग रोड का निर्माण रामेश्वर से टांगी तक किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 8307.74 करोड़ रुपये है। करीब 96 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। वन, वन्यजीव और पर्यावरण से जुड़ी स्वीकृतियां भी लगभग पूरी कर ली गई हैं। एनएचएआई ने बताया कि इस रिंग रोड से भुवनेश्वर, कटक और खुर्दा के शहरी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। क्षेत्रीय संपर्क और आवाजाही बेहतर होगी। लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *