बलरामपुर में 150 करोड़ की परियोजनाओं का राज्यपाल ने किया निरीक्षण

0
9e77a6b7c140f2b4070bd1e4d4295a53

बलरामपुर{ गहरी खोज } :उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को एक दिवसीय भ्रमण पर बलरामपुर पहुंची। वहां मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का दौरा कर यहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। पूर्वाह्न करीब 11:50 बजे उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां से वह सीधे विश्वविद्यालय परिसर पहुंचीं। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने पारम्परिक तरीके से उनका स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने परिसर में नव निर्मित कुलाधिपति वाटिका और सरोवर का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक भवन, अकादमिक ब्लॉक सहित विभिन्न निर्माणाधीन संरचनाओं को देखा और कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्धता पर संतोष जताया।
समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों, नए पाठ्यक्रमों और शोध कार्यों की जानकारी दी। साथ ही क्षेत्रीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत से जुड़े प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स पर भी विस्तार से चर्चा की। राज्यपाल ने उच्च शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में चैत्र नवरात्र के अवसर पर मुख्य प्रशासनिक भवन के सम्भावित लोकार्पण को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *