छह वर्षीय मासूम की कुएं में डुबोकर हत्या, निर्दयी पिता गिरफ्तार
रायगढ़{ गहरी खोज } : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम जामढोंढी भदरापारा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय पुत्र की कुएं में डुबोकर हत्या कर दी। मामले में लैलूंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर 24 घंटे के भीतर जेल भेज दिया है।
घटना के संबंध में आरोपी के भाई मनोज महेश्वरी (उम्र 28 वर्ष) ने आज मंगलवार काे बताया कि वे तीन भाई हैं—बड़ा विजय, मंझला विनोद और वह स्वयं। विजय अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में रहता है, जबकि विनोद अपने दो पुत्रों (उम्र 8 वर्ष एवं 6 वर्ष) के साथ बगल के घर में रहता था। उसकी पत्नी अलग रह रही थी और वह घरेलू विवाद के कारण तनावग्रस्त रहता था।
रविवार 8 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे विनोद अपने छोटे बेटे के साथ घर के सामने खड़ा था। अगले दिन साेमवार सुबह मनोज जब मकान के पीछे स्थित कुएं के पास टुल्लू पंप चालू करने गया, तो कुएं के भीतर से विनोद की आवाज आई कि मोटर बंद कर दो, वह भीतर है। आसपास के लोगों को बुलाकर पूछताछ करने पर विनोद ने बताया कि उसने अपने छोटे बेटे को हत्या की नियत से कुएं में फेंक दिया और स्वयं अंदर उतरकर पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित व मृत बालक को कुएं से बाहर निकाला। मामले में पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने आराेपित काे न्यायालय में पेश कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
