भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर किया प्रदर्शन
नैनीताल{ गहरी खोज }: भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, नैनीताल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के कुल 45 विद्यार्थियों ने विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिनमें से 21 विद्यार्थियों ने खेल और कला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि 24 विद्यार्थियों ने एनसीसी के राष्ट्रीय शिविरों में सहभागिता की। इनमें से एक कैडेट ने गणतंत्र दिवस परेड में प्रधानमंत्री की रैली में भी हिस्सा लिया। विद्यालय के व्यवस्थापक ज्योति प्रकाश और प्रधानाचार्य बिशन सिंह मेहता ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें पुरस्कार और बधाई दी। इस वर्ष सात विद्यार्थियों का चयन अग्निवीर योजना के तहत सेना में हुआ, जो विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। खेल प्रतियोगिताओं में फुटबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया, वहीं कला उत्सव में भी कई विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया। एनसीसी के 24 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय शिविरों में भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं में भी विद्यार्थियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई और उन्हें शुभकामनाएं दी।
