मुख्यमंत्री धामी ने एकल महिला स्वरोजगार योजना का किया शुभारंभ, 484 लाभार्थियों को 3.45 करोड़ रुपये जारी

0
3d0399ef2904e3d2de98d10e3243f6be

देहरादून{ गहरी खोज }: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से प्रथम चरण में छह जनपदों की 484 एकल महिलाओं के खातों में 3 करोड़ 45 लाख 34 हजार 500 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत बागेश्वर, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंहनगर जनपदों की महिलाओं को लाभान्वित किया गया है, जबकि शेष सात जनपदों की 540 महिलाओं को लगभग चार करोड़ रुपये की सहायता माह के अंत तक प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, एसिड अटैक पीड़ित, आपराधिक घटनाओं की पीड़िता और ट्रांसजेंडर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण से ही समाज और राष्ट्र सशक्त होता है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में पांच लाख से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आजीविका अर्जित कर रही हैं।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि यह योजना एकल महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी। सचिव चंद्रेश यादव ने बताया कि योजना के तहत अधिकतम दो लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 75 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *