सस्ता टूर पैकेज का लालच देकर ठगी करने वाला अन्तरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार
औरैया{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में औरेया जिले की कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को सौ सैया अस्पताल के पास से अन्तरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित सोशल मीडिया पर फर्जी ट्रैवल पेज बनाकर लोगों से ठगी करता था। उसके खिलाफ गुजरात, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मुंबई समेत कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजीतमल थाना के ग्राम रुरुआ सांफर निवासी प्रवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ ओम जी, के रूप में हुई है। आरोपित सोशल मीडिया पर “वी वांट ट्रीप” नाम से फर्जी ट्रैवल पेज बनाकर सस्ते टूर पैकेज का लालच देता था। टूर बुकिंग के नाम पर लोगों से अपने बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कराता था। पैसे मिलते ही न तो टिकट देता था और न ही कोई ट्रैवल सुविधा उपलब्ध कराता था, जिससे लोग सीधे ठगी का शिकार हो जाते थे। पुलिस ने उसके पास से एक लाख 19 हजार 400 रुपये नकद, दो लैपटॉप, 10 एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपित के विरुद्ध साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
