भाई की हत्या के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर{ गहरी खोज }: थाना कछवां क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 5 फरवरी को सेम्हरा खैरा निवासी विवेक गौतम पुत्र स्व. हीरालाल गौतम ने थाने में तहरीर देकर अपने भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। निर्देश के क्रम में मंगलवार को कछवां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी निर्मल कुमार पुत्र बच्चालाल निवासी सेमरा खैरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।
