एएआईबी ने महानिदेशक सहित 23 अधिकारी स्तर के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए

0
asdfsrgtr43ewqa

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने महानिदेशक और 23 अधिकारी स्तर के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। एएआईबी फिलहाल 20 से अधिक विमान दुर्घटना मामलों की जांच कर रहा है। इनमें पिछले साल 12 जून को हुआ एयर इंडिया विमान हादसा भी शामिल है जिसमें 260 लोगों की मौत हुई थी। वर्तमान महानिदेशक जी. वी. जी. युगंधर का कार्यकाल इस साल के अंत में समाप्त होने वाला है, जिसके मद्देनजर एएआईबी ने इस पद के लिए आवेदन मांगे हैं।
विमान दुर्घटना जांच एजेंसी में ये पद प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरे जाते हैं। एएआईबी की ओर से सात फरवरी को जारी रिक्ति परिपत्र के अनुसार, महानिदेशक पद के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है। इसके अलावा 23 निदेशक एवं अधिकारी स्तर के पदों के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं जिनमें आठ सुरक्षा जांच अधिकारी के पद हैं।
वहीं सात फरवरी को ही जारी अन्य एक परिपत्र के अनुसार, अन्य रिक्तियों में दो निदेशक, छह उपनिदेशक और सात सहायक निदेशक पद शामिल हैं। एएआईबी के पास भारतीय वायुक्षेत्र में परिचालित विमानों से जुड़ी सुरक्षा घटनाओं को दुर्घटना, गंभीर घटना और घटना की श्रेणी में वर्गीकृत करने की जिम्मेदारी है। यह दुर्घटनाओं की विस्तृत जांच करता है और सुरक्षा सुधार के लिए उपाय भी सुझाता है। नागर विमानन मंत्रालय ने दो फरवरी को राज्यसभा को बताया था कि एएआईबी ने पिछले एक वर्ष में देश में हुई 19 दुर्घटनाओं और गंभीर घटनाओं की जांच की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *