दिल्ली पुलिस ने सुलझाई द्वारका में हुई 30 लाख की चोरी की घटना, नौकरानी गिरफ्तार

0
202602093666355

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली के द्वारका में एक घर में हुई 30 लाख रुपए से अधिक की चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि द्वारका में मालिक के घर से कैश और ज्वेलरी चुराने के आरोप में महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला से करीब 30 लाख रुपए की 190 ग्राम सोने की ज्वेलरी, करीब चार हजार रुपए के दो चांदी के सिक्के और 18 हजार रुपए कैश बरामद किए गए। जांच में पता चला है कि महिला उसी घर में काम करती थी और उसने एक दिन मौका मिलते ही घर में रखे गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। द्वारका जिला पुलिस के अनुसार, यह मामला 1 फरवरी को मिली शिकायत के बाद दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अमित लोचाव ने बताया कि उनके घर से सोने की ज्वेलरी और कैश चोरी हो गया था। अमित ने अपनी शिकायत में घर में काम करने वाली महिला पर आरोप लगाए थे।
शिकायत के आधार पर द्वारका सेक्टर-23 पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। मामले की जांच के लिए एक टीम भी बनाई गई। अमित की शिकायत के अनुसार पुलिस ने नौकरानी की तलाश शुरू की। एक मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस को पता चला कि नौकरानी ज्योति दिल्ली के कापसहेड़ा पुलिस स्टेशन के तहत गांव इस्सापुर खेड़ा में रह रही है। उसके घर पर छापा मारा गया, जिसके दौरान चोरी की सोने की ज्वेलरी बरामद की गई।
बरामद सामान में चार सोने की चूड़ियां (लगभग 80 ग्राम), दो सोने के कड़े (लगभग 50 ग्राम), एक सोने की चेन (लगभग 25 ग्राम), एक सोने व प्लैटिनम का ब्रेसलेट (लगभग 20 ग्राम), तीन सोने की अंगूठियां (लगभग 18 ग्राम), एक जोड़ी सोने की बालियां (लगभग 5 ग्राम), दो चांदी के सिक्के (लगभग 20 ग्राम), और 18,000 रुपए कैश शामिल थे। फिलहाल, दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *