आठ करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बनेगा बिहपुर थाना भवन
भागलपुर{ गहरी खोज }: अष्टादश बिहार विधानसभा के द्वितीय सत्र में बिहपुर विस के भाजपा विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक ई.शैलेंद्र के द्वारा बिहपुर थाना भवन सह पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों के बदहाल और जर्जर हो चुके भवन का मुद्दा उठाया था। इस पर सरकार के गृह विभाग आरक्षी शाखा के संयुक्त सचिव कमल नयन की ओर से सात फरवरी को विधायक ईं.शैलेंद्र को आए जवाब में बताया गया कि बिहपुर थाना भवन (जी प्लस थ्री स्ट्रक्चर) फर्नीचर और अन्य आधारभूत संरचना सहित भवन निर्माण कार्य के लिए आठ करोड़ 57 लाख 75 हजार 300 रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति वित्तीय वर्ष 2025-26 में दी गई है। उक्त थाना भवन का निर्माण कार्य दिसंबर 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। विधायक ईं.शैलेंद्र के हवाले से नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो.गौतम ने बताया कि बिहपुर थाना परिसर में उक्त निर्माण को लेकर प्राथमिक कवायद शुरू भी हो चुकी है। मिट्टी जांच के लिए ले जाया गया है। वहीं परिसर में आम-लीची के पेड़ को लेकर उचित कार्रवाई के लिए वन विभाग को पत्र भी लिखा गया है। विधायक ईं.शैलेंद्र ने कहा कि जल्द ही जी प्लस थ्री स्ट्रक्चर, फर्नीचर और अन्य आधारभूत संरचना से सुसज्जित बिहपुर थाना भवन निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।
