हिमाचल में पर्यटन विकास परियोजनाओं पर 2350 करोड़ खर्च: मुख्यमंत्री सुक्खू

0
c64d72e0d89b46f26fc963e5c20a2078

शिमला{ गहरी खोज }: हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए करीब 2350 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को एशियन विकास बैंक (एडीबी) के सहयोग से चल रही इन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एडीबी की सहायता से ट्रेंच-1 के तहत 1620 करोड़ रुपये और ट्रेंच-2 के तहत 730 करोड़ रुपये की परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को पर्यटन के एक मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। पर्यटन के विस्तार से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में विभिन्न हेलीपोर्ट का निर्माण जारी है और कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की योजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पालमपुर और नगरोटा बगवां में एडीबी की मदद से लगभग 77.70 करोड़ रुपये की परियोजनाएं लागू की जा रही हैं। पालमपुर में एचआरटीसी बस स्टैंड और पुरानी सब्जी मंडी के पास मल्टीलेवल पार्किंग, कैफे, पुस्तकालय और रीडिंग रूम, न्यूगल कैफे का जीर्णोद्धार तथा सड़कों के सुधार के कार्य किए जा रहे हैं। नगरोटा बगवां में सड़कों के सुधार, ड्रेन और डक्ट निर्माण, पुराने बस अड्डे का सौंदर्यीकरण, क्लॉक टावर निर्माण, गांधी ग्राउंड, नारदा-शारदा मंदिर, मटौर गार्डन, बरोह, मेला ग्राउंड और गुरुद्वारा श्री पौड साहिब के आसपास सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
इसके अलावा हमीरपुर जिले के श्री बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर में करीब 51.09 करोड़ रुपये से सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे का विस्तार, धर्मशाला में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से आइस और रोलर स्केटिंग रिंक, कुल्लू में 20.57 करोड़ रुपये तथा मनाली में 36.19 करोड़ रुपये की लागत से वेलनेस सेंटर और कुल्लू स्थित नग्गर कैसल के संरक्षण व जीर्णोद्धार पर लगभग 8.63 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में शिमला और मनाली में आइस स्केटिंग रिंक, कून्हा स्थित कालेश्वर महादेव मंदिर में जन-सुविधाओं का विस्तार, हमीरपुर जिले के नादौन में राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स, साहसिक खेल केंद्र और छात्रावास, नगरोटा बगवां में वेलनेस सेंटर और म्यूजिकल फाउंटेन जैसे कार्य भी एडीबी के सहयोग से किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *