पंजाब का नशा तस्कर 53 लाख रुपये की हेरोइन सिरसा में गिरफ्तार

0
a85d1e4001d5e3c7ac70bceaa4452cb8

सिरसा{ गहरी खोज }: पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए एक नशा तस्कर को करीब 53 लाख 50 हजार रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। नशा तस्कर की पहचान पंजाब के जिला फरीदकोट निवासी दीप सिंह के रूप में हुई है। डीएसपी कपिल अहलावत ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि आरोपी पंजाब से हेरोइन लेकर आया था और इसे कालांवाली क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में था। उन्होंने बताया कि सीआईए कालांवाली पुलिस नशा तस्करी की रोकथाम के लिए पंजाब बस स्टैंड कालांवाली क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में हेरोइन लेकर पंजाब से कालांवाली क्षेत्र में सप्लाई करने के उद्देश्य से आया हुआ है और मौके पर गांव कालांवाली में मौजूद है। पुलिस टीम गांव कालांवाली में एसडीएम कार्यालय के पास पहुंची तो एक युवक अपने हाथ में पॉलीथिन लिए दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 267 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 53.50 लाख रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ कालांवाली थाना में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और नशे की खेप के स्रोत, सप्लाई चैन, आर्थिक लेन-देन तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी हासिल की जाएगी। डीएसपी कपिल अहलावत ने कहा कि नशा तस्करी में लंबे समय से संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नशा तस्करों द्वारा नशा तस्करी से जुटाई गई अवैध सम्पत्ति भी पुलिस की रडार पर है । पूर्व में कई नशा तस्करों की करोड़ों की अवैध संपत्ति अटैच की गई है और अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *