बच्चे न होने के विवाद में पति ने पत्नी की फावड़े से हत्या की, गिरफ्तार

0

कोरबा{ गहरी खोज }: जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संतान न होने और चरित्र को लेकर उपजे विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना रविवार देर शाम की है। वारदात के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने आज सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढेलवाडीह गायत्री बस्ती निवासी तुलसी यादव (37) की शादी करीब 18 वर्ष पहले रंजना यादव (35) से हुई थी। शादी के इतने वर्षों बाद भी दंपती को संतान नहीं हुई थी, जिसे लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसके अलावा आरोपित पति अपनी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता था, जिससे घरेलू कलह बढ़ती जा रही थी।
बताया जा रहा है कि हाल ही में रंजना अपने मायके ढेलवाडीह मेला देखने गई थी, जहां पति तुलसी यादव भी पहुंचा था। मेले से लौटने के बाद रविवार शाम को दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर फिर से विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर पति ने घर में रखे फावड़े से पत्नी के सिर और चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में रंजना गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। घर में मौजूद अन्य परिजन चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे तो रंजना खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस ने सोमवार को आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि संतान न होने और चरित्र पर संदेह को लेकर दंपती के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो इस जघन्य वारदात का कारण बना। फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *