उत्पाद विभाग की छापेमारी में नकली विदेशी व महुआ शराब की खेप जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

0
6d246321ac60b5834936a0a8c0982e36

रांची{ गहरी खोज }: नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने तमाड़ और बुंडू थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, बीयर, देसी शराब और अवैध महुआ शराब जब्त की है। इस दौरान एक छोटा पिकअप वैन (जेएच01सीएम 8239) से अवैध शराब की खेप पकड़ी गई, जबकि अलग-अलग स्थानों से कुल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर तमाड़ एवं बुंडू थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। छापेमारी के क्रम में परासी रोड पर एक पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इस मामले में मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब में 38.13 लीटर नकली विदेशी शराब, 15.6 लीटर बीयर, 5.7 लीटर देसी शराब, 120 लीटर अवैध महुआ शराब तथा 600 किलोग्राम जावा महुआ शामिल है। इसके अलावा, एक अन्य स्थान पर छापेमारी कर अवैध महुआ शराब के एक विक्रेता को भी गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने दो अवैध महुआ शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। वहीं, एक फरार आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर सख्त नजर रखी जा रही है और चुनाव अवधि के दौरान ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उत्पाद विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो, तो इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *