फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर युवती से लाखों की ठगी, आरोपी पटना से गिरफ्तार

0
7827d2a4387169a6bfe95ee68966387e

सिरसा{ गहरी खोज }: स्थानीय पुलिस ने फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर एक युवती से करीब 12 लाख 50 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को बिहार के पटना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने रविवार को बताया कि सिरसा जिले के गांव सिकंदरपुर थैहड़ निवासी एक युवती ने साइबर थाना सिरसा में शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी फेसबुक पर आईडी है जिस पर वह बेसहारा पशु-पक्षियों के प्रति करूणा और सेवा भाव से जुड़े वीडियो पोस्ट करती है। एक व्यक्ति ने उसकी पोस्ट पर मैसेज कर उसकी प्रशंसा की और खुद को सेवा कार्यों में रुचि रखने वाला बताया। अगले दिन व्यक्ति ने दोबारा संपर्क कर स्वयं को छिंदा नाम से परिचित कराया और बताया कि वह विदेश में रहता है तथा भारत लौटने पर सेवा कार्यों के लिए आर्थिक सहायता करेगा। बाद में उसने व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू की और उसे यह विश्वास दिलाया कि उसका कोई सगा भाई नहीं है, इसलिए युवती ने उसे धर्म का भाई मान लिया। कुछ समय बाद युवती को फोन कॉल आया कि छिंदा विदेश से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गया है, जहां कस्टम अधिकारियों ने उसे महंगे कपड़े व गिफ्ट्स के बिल न होने के कारण हिरासत में ले लिया है। इसके बाद एक अन्य मोबाइल नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली का वकील बताया और कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को छुड़ाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए पैसे देने होंगे। इसी दौरान युवती की बात व्हाट्सएप कॉल के जरिए छिंदा से भी करवाई गई, जिसने रोते हुए मदद की गुहार लगाई और बाहर आने पर पूरी राशि लौटाने का आश्वासन दिया। युवती ने आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में लगातार पैसे ट्रांसफर करती रही। बाद में उसे ठगी का अहसास हुआ तब तक साइबर अपराधी उससे 12 लाख 50 हजार रुपये ठग चुके थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस बिहार के पटना में दबिश देकर आरोपी राहुल पुत्र लालन पटना से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और ठगी में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *