सात मार्च से शुरू होंगी कालेज की परीक्षाएं
धमतरी{ गहरी खोज }: पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा विश्वविद्यालयीन वार्षिक परीक्षा मार्च–अप्रैल 2026 की समय-सारिणी घोषित होते ही बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष महाविद्यालय से 2500 से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। कॉलेज स्तर की परीक्षाएं 7 मार्च से प्रारंभ होंगी।
विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक बी.ए., बी.कॉम. एवं बी.एस.सी. भाग-दो एवं भाग-तीन (नियमित, अमहाविद्यालयीन, भूतपूर्व एवं पूरक) की परीक्षाएं होंगी। वहीं द्वितीय पाली में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक एम.ए., एम.कॉम. एवं एम.एस.सी. पूर्व एवं अंतिम वर्ष की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परीक्षा प्रभारी प्रो. कोमल यादव ने आज बताया कि परीक्षा संचालन को लेकर कक्ष व्यवस्था, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति एवं अन्य आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय के निर्देशों के तहत नकल पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उड़नदस्ता दल का गठन किया जाएगा। पूर्व वर्षों में सामने आए नकल प्रकरणों को देखते हुए इस बार सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार बी.ए. एवं बी.सी.ए. भाग-दो एवं भाग-तीन की परीक्षाएं 7 मार्च से 27 अप्रैल तक चलेंगी। बी.कॉम., बी.एस.सी. एवं बी.एस.सी. होम साइंस द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की परीक्षाएं 10 मार्च से 29 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। वहीं एम.ए., एम.कॉम. एवं एम.एस.सी. पूर्व एवं अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 19 मार्च से 10 अप्रैल तक संपन्न होंगी। परीक्षा तिथि घोषित होते ही छात्र-छात्राएं भी पूरी तैयारी में जुट गए हैं। छात्रों का कहना है कि समय-सारिणी पहले घोषित होने से उन्हें तैयारी का पर्याप्त अवसर मिला है और वे बेहतर परिणाम को लेकर आशान्वित हैं। महाविद्यालय प्रबंधन ने सभी परीक्षार्थियों से प्रवेश पत्र के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने तथा परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए सूचना पटल का नियमित अवलोकन करने की अपील की है।
