ओनाकोना के शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगी प्राण प्रतिष्ठा
धमतरी{ गहरी खोज }: अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य और बेजोड़ वास्तुकला से सजे गंगरेल बांध के तटीय क्षेत्र ग्राम ओनाकोना में निर्मित भव्य शिव मंदिर में देव स्थापना को लेकर भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन-अर्चन एवं प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन 12 फरवरी से 15 फरवरी तक किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण रहेगा। धमतरी से बस्तर रोड की ओर लगभग 20 किलोमीटर दूर राजाराव पठार से लगे गंगरेल के अंतिम तटीय क्षेत्र पर स्थित ग्राम ओनाकोना में यह मंदिर आस्था का नया केंद्र बनकर उभरा है। शहर के धर्मप्रेमी तीरथराज फूटान द्वारा निर्मित इस शिवमंदिर में देव स्थापना के लिए वैदिक परंपरा के अनुसार विधिवत अनुष्ठान किए जाएंगे।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी अरुण फूटान ने रविवार काे बताया कि चार दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 12 फरवरी, फाल्गुन कृष्ण दशमी को होगी। प्रथम दिवस दसविधि स्नान, प्रायश्चित कर्म, कलश यात्रा, पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश के अनुष्ठान संपन्न होंगे। द्वितीय दिवस 13 फरवरी, फाल्गुन कृष्ण एकादशी को वेदी पूजन, पीठस्थ देवता आव्हान, अग्नि मंथन, आवरण पूजन एवं जलाधिवास कराया जाएगा। तृतीय दिवस 14 फरवरी, फाल्गुन कृष्ण द्वादशी को वेदी पूजन, अग्नि स्थापना एवं अन्नफलादि अधिवास के कार्यक्रम होंगे। चतुर्थ दिवस 15 फरवरी, फाल्गुन कृष्ण त्रयोदशी को प्राण प्रतिष्ठा, मूर्तियों का नेत्र उन्मीलन, महाभिषेक एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी को महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ अनुष्ठान संपन्न होगा। सभी धार्मिक अनुष्ठान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक यज्ञाचार्य खिलेश्वर दुबे के सान्निध्य में संपन्न कराए जाएंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
