मंत्री सारंग ने कुबेरेश्वर धाम पर किया नवीन अस्पताल का लोकार्पण
- बैठक आयोजित कर की रूद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा
सीहोर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को सीहोर के कुबेरेश्वर धाम पर विठ्लेश सेवा समिति द्वारा बनाए गए नवीन अस्पताल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले रूद्राक्ष महोत्सव एवं शिवमहापुराण कथा के दृष्टिगत समीक्षा बैठक आयोजित कर इस महोत्सव की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयोजन समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया।
मंत्री सारंग ने इस अवसर पर कहा कि कथा में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था, असुविधा अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य सुनिश्चित करे। इस दौरान प्रशासन, कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा तथा कुबेरेश्वर धाम समिति द्वारा मंत्री सारंग को आयोजन के लिए की गई तैयारियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। बैठक में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, सुदीप प्रजापति, एसडीएम तन्मय वर्मा, सीएसपी अभिनंदना शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
