पांच राज्यों में राजग की जीत तय, तमिलनाडु में द्रमुक सत्ता से होगी बाहर : एल. मुरुगन
पुदुचेरी{ गहरी खोज }: केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने विश्वास जताया है कि तमिलनाडु सहित पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शानदार जीत दर्ज करेगा। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) का सत्ता से बाहर होना तय है और राज्य में राजग सरकार का गठन होगा।
पुदुच्चेरी में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एल. मुरुगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार केंद्र में बनी सरकार “विकसित भारत” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना के अनुरूप एक व्यापक और दूरदर्शी बजट पेश किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस बजट में देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) को बढ़ाने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा गरीब, वंचित और युवाओं के सामाजिक-आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी गई है। मंत्री के अनुसार बजट में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है और कुल पूंजीगत निवेश को बढ़ाकर 53.5 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। रेलवे के लिए 2.80 लाख करोड़ रुपये तथा सड़क परिवहन के लिए 3.09 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
एल. मुरुगन ने बताया कि सभी विभागों के लिए समग्र दृष्टिकोण से बजट तैयार किया गया है। आगामी 9 फरवरी को बजट पर विस्तृत चर्चा होगी, जिसके बाद विभिन्न विभागों को हुए आवंटन की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
पुदुच्चेरी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राजग सरकार बनने के बाद अब तक लगभग 6,000 लोगों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। सेधरापट्टू औद्योगिक क्षेत्र में करीब 800 एकड़ भूमि पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान बजट प्रावधानों के तहत वर्ष 2047 तक उपयुक्त क्षेत्रों में जलमार्ग परिवहन सेवाएं शुरू करने की योजना है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल को जोड़ने वाली “रेयर अर्थ कॉरिडोर” परियोजना पर भी काम शुरू किया जा रहा है, जिससे इन राज्यों की परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी। पूर्वी तटीय सड़क मार्ग, रेल और सड़क नेटवर्क में बड़े पैमाने पर विकास किया जाएगा। चेन्नई से रामेश्वरम के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू करने की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “विकसित भारत” का लक्ष्य देश के सभी हिस्सों के संतुलित विकास को सुनिश्चित करेगा। केंद्र सरकार जनता की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है। एल. मुरुगन ने यह भी कहा कि मदुरांतकम सम्मेलन ने तमिलनाडु की राजनीति में बदलाव का संकेत दिया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शीघ्र ही तमिलनाडु एवं पुदुच्चेरी का दौरा करेंगे। उन्होंने दोहराया कि पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों में राजग की जीत सुनिश्चित है और तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।
