ढाबे की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, संचालक समेत सात गिरफ्तार
बरेली{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर स्थित एक ढाबे की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भोजीपुरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शनिवार को छापा मारकर ढाबा संचालक समेत चार पुरुष और तीन महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया।
क्षेत्राधिकारी हाईवे शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि, “अपना ढाबा” नाम से संचालित इस ढाबे के पीछे बने कमरों में जिस्मफरोशी कराई जा रही थी। हाईवे से गुजरने वाले ट्रक चालकों और राहगीर जब ढाबे पर पहुंचे ताे उनसे सौदा तय करते और फिर उन्हें कमरों में भेज दिया जाता। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह अवैध गतिविधि लंबे समय से संचालित थी।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ढाबा संचालक कुंवरपाल यादव की शह पर पूरा नेटवर्क चल रहा था। महिलाओं को फोन कर बुलाया जाता था। हर सौदे में संचालक के साथ ढाबा मालिक गजेन्द्र सिंह की हिस्सेदारी तय थी। छापे के दौरान गजेन्द्र सिंह फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि ग्राहकों से 500 से दाे हजार रुपये तक वसूले जाते थे। संचालक के जरिए आने वाले ग्राहकों पर कमीशन तय रहता था, जबकि खुद ग्राहक लाने पर भी ढाबे को हिस्सा देना पड़ता था। मौके से पुलिस ने एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन, 2200 रुपये नकद, कॉस्मेटिक सामान समेत अन्य चीजें बरामद हुई।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हाईवे किनारे अवैध गतिविधियों की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। छापे में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि देह व्यापार जैसे संगीन अपराध में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
