लड़की के नाम से इंस्टा आईडी बनाकर ठगी करने का आरोपित गिरफ्तार

0
91da22d74af3195b01d9e50ccd0513ee

जींद{ गहरी खोज }: साइबर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर लड़की के नाम से आईडी बना कर लोगों से ठगी करने के आरोपित को काबू किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित के पास से पुलिस ने 22 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। पुलिस इस मामले में पहले एक जनवरी को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनसे पुलिस ने 23 हजार 500 रुपये बरामद किए थे। तीसरे आरोपित की पहचान फरीदाबाद की पर्वतीय कालोनी निवासी राहुल के रूप में हुई। राहुल को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
साइबर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 29 दिसंबर 2025 को लक्ष्मी नगर निवासी अंकित ने पुलिस को शिकायत दी थी। अंकित ने बताया कि उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक लड़की से बातचीत शुरू हुई। लड़की ने अपने आपको मथुरा निवासी बताया और कहा कि उसके पिता सियाचीन में आर्मी अफसर हैं। काफी बातचीत होने के बाद लड़की ने कभी ट्रिप फीस, बीमारी और एक्सीडेंट का बहाना बनाकर अंकित से तीन लाख 51 हजार 490 रुपये ठग लिए। दूसरा व्यक्ति लड़की का पिता बनकर अंकित को जल्द ही पैसे लौटाने की बात कह देता। ऐसे में काफी समय बीत गयए लेकिन अंकित के पैसे वापस नहीं मिले।
इसके बाद ही उसे ठगी का एहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस ने अंकित की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की डिटेल निकलवाई और उसके केवाईसी विवरण के आधार पर आरोपितों की पहचान की। पुलिस को पता चला कि आरोपित विपिन सारस्वत और कौशल का ठगी करने का यह पुराना तरीका है। जब पुलिस ने पता किया तो सामने आया कि दोनों के खिलाफ पहले भी नारनौल व कैथल में इस तरह के मामले दर्ज हैं और दोनों इस समय कैथल जेल में बंद हैं। साइबर थाना पुलिस ने दोनों को एक फरवरी को कैथल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल किया और पूछताछ की। दोनों से पुलिस ने 23 हजार 500 रुपये की नकदी भी बरामद की। जब दोनों से पुलिस ने पूछताछ की तो तीसरे आरोपित फरीदाबाद की पर्वतीय कालोनी निवासी राहुल का नाम सामने आया। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *