पांच पिस्तौल के साथ एक गिरफ्तार
जींद{ गहरी खोज }: जींद के अंतर्गत आते जुलाना थाना इलाके में पुलिस ने एक युवक को काबू कर उसके पिट्ठू बैग से पांच असलहा बरामद किए हैं। पुलिस ने अवैध असलहा के साथ पकड़े गए युवक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डिटेक्टिव स्टॉफ जींद के इंचार्ज उपनिरीक्षक कमल सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक टीम सह उपनिरीक्षक प्रवीण के नेतृत्व में जुलाना के बस अड्डा गतोली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी डिटेक्टिव स्टाफ को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध असलहा के साथ गतौली-रामकली रोड पर खड़ा हुआ है और कहीं जाने के वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापेमारी कर युवक को काबू कर लिया। युवक के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो उसमें पांच पिस्तौल बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान गांव रामकली निवासी रोमी के रूप में हुई। आरोपित रोमी पिस्तौल संबंधी कोई वेध लाइसेंस, दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद हथियारों को नियमानुसार कब्जा में लिया गया है। रोमी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जींद पुलिस अपराध एवं अवैध हथियारों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
