मनाली में पंजाब के दो युवक 39.650 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार, भुंतर में 560 ग्राम चरस बरामद
कुल्लू{ गहरी खोज }: थाना मनाली के अंतर्गत पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पड़ोसी राज्य पंजाब के दो युवकों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह मामला शुक्रवार देर शाम उस समय सामने आया, जब पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि वन विहार के समीप नशे का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गोम्पा रोड स्थित एक निजी होटल में दबिश दी। होटल वीर विल्ला के एक कमरे से पुलिस ने दो युवकों के कब्जे से 39.650 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि हेड कांस्टेबल नरेश और जगदीश कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपेंदर जीव सिंह (21) पुत्र हरभजन सिंह, निवासी गांव मोहल्ला वाहरली आबादी, झंदियाला मंजकी, डाकघर साहनकेपासे, तहसील फिल्लौर, जिला जालंधर (पंजाब) तथा बलकार लाल (25) पुत्र जागीर सिंह, निवासी गांव नज़दीक माता गंगा जी गुरुद्वारा, बेरका बाईपास, विजय नगर, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी होटल में कमरा लेकर ठहरे हुए थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।
इसके अलावा एक अन्य मामले में थाना भुंतर के अंतर्गत सिंयूंड क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने टेक राम (47) पुत्र घोतु राम, निवासी देउधरा, भरेंन, तहसील भुंतर जिला कुल्लू के कब्जे से 560 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
