पिछले साल जम्मू-कश्मीर आने वाले 1.77 करोड़ पर्यटकों में 36,000 विदेशी : सरकार
जम्मू{ गहरी खोज }: प्रदेश सरकार ने शनिवार को विधानसभा को सूचित किया कि वर्ष 2025 में जम्मू-कश्मीर में 1.77 करोड़ से अधिक पर्यटक आए जिनमें 36,000 से अधिक विदेशी पर्यटक शामिल थे। विधायक हसनैन मसूदी के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में पर्यटन विभाग ने बताया कि एक जनवरी से 31 दिसंबर, 2025 के बीच केंद्र शासित प्रदेश में 1,77,65,390 पर्यटक आए। इनमें से 36,410 अंतरराष्ट्रीय यात्री थे जबकि 1,77,28,980 घरेलू पर्यटक थे।
सरकार ने कहा कि उसने 2026 में पर्यटकों के आगमन के लिए कोई विशिष्ट लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है लेकिन इस बात पर जोर दिया कि घरेलू और विदेशी दोनों तरह के पर्यटकों के आगमन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रचार और विकासात्मक उपाय किए जा रहे हैं।
श्रीनगर हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की पुनः शुरुआत के संबंध में सरकार ने कहा कि हवाई अड्डा आव्रजन, सीमा शुल्क, सुरक्षा और यात्री प्रबंधन सुविधाओं से पूरी तरह सुसज्जित है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू होना एयरलाइंस के परिचालन और व्यावसायिक निर्णयों पर निर्भर करता है।
विभाग ने कहा कि हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए पूरी तरह से तैयार है, जैसे ही एयरलाइंस अपनी सेवाएं शुरू करने का निर्णय लेंगी।
होम स्टे कार्यक्रम के संबंध में सरकार ने कहा कि यह पहल काफी हद तक सफल रही है जिससे आवास क्षमता में वृद्धि हुई है, स्थानीय रोजगार सृजित हुआ है और पर्यटन में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहन मिला है। इसके सकारात्मक प्रभाव को देखते हुए कार्यक्रम को अन्य संभावित क्षेत्रों में विस्तारित किए जाने की संभावना है। जवाब में सीमित जागरूकता, क्षमता की कमी और बुनियादी ढांचे से संबंधित समस्याओं जैसी चुनौतियों का भी उल्लेख किया गया जिनका समाधान विभाग जागरूकता अभियान, क्षमता निर्माण पहलों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय के माध्यम से कर रहा है।
