गांधीनगर मनपा का वर्ष 2026-27 के लिए ₹1903.08 करोड़ का बजट पेश
गांधीनगर{ गहरी खोज }: गुजरात के गांधीनगर महानगर पालिका (मनपा) के म्युनिसिपल कमिश्नर जे. एन. वाघेला ने वर्ष 2026-27 के लिए ₹1903.08 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया। पिछले वर्ष के ₹1718.03 करोड़ के बजट की तुलना में इस वर्ष 10.77 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
मनपा ने ‘शहरी विकास वर्ष’ की थीम पर आधारित इस बजट में शहर के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं। इस बजट में भौतिक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कुल व्यय का लगभग 62 प्रतिशत, यानी ₹1186.71 करोड़ आवंटित किया गया है, जिससे गांधीनगर को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। नागरिकों को राहत देते हुए इस वर्ष संपत्ति कर या वाहन कर की दरों में कोई वृद्धि प्रस्तावित नहीं की गई है। साथ ही संपत्ति कर की अग्रिम भुगतान पर मिलने वाली 10 प्रतिशत की रिबेट योजना को दो महीने के बजाय तीन महीने तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है।
शहर की परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से 100 नई पीएम ई-बसें शुरू की जाएंगी। आधारभूत ढांचे के विकास के तहत सेक्टर 22-23 में अंडरपास और रिलायंस चौकड़ी पंडित दीनदयाल सर्कल पर फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण की योजना है। इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में 350 किलोमीटर नए सड़क मार्ग और 26,000 नए ड्रेनेज कनेक्शन को प्राथमिकता दी गई है।
पर्यावरण संरक्षण के तहत 10 लाख से अधिक वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है तथा भाईजीपुरा से अडालज तक 8 किलोमीटर लंबा ‘ग्रीन कॉरिडोर’ विकसित किया जाएगा। जलभराव की समस्या खत्म करने के उद्देश्य से 19 तालाबों के कार्य के बाद 24 नए तालाबों के विकास की योजना भी बजट में शामिल है।
स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए नई मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल, पांच योग स्टूडियो, दो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और एक वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाने का प्रावधान किया गया है। गांधीनगर दक्षिण क्षेत्र के गांवों में 40 एमएलडी नर्मदा जल पहुंचाने के साथ अमियापुर, पेठापुर, कोबा, भाट और पालज में नए कम्युनिटी हॉल तथा वावोल और खोरज में नए फायर स्टेशन बनाए जाएंगे।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रोड सेफ्टी के लिए ₹10 करोड़ और ऊंची इमारतों के लिए फायर सेफ्टी उपकरणों की खरीद के लिए ₹8 करोड़ आवंटित किए गए हैं। सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के तहत अंबापुर वाव क्षेत्र को हेरिटेज पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही ‘हर घर स्वदेशी’ अभियान के तहत स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए वर्षभर में पांच स्वदेशी बाजार आयोजित किए जाएंगे। कुल मिलाकर प्रस्तुत बजट को शहर के विकास को गति देने वाला और नागरिक सुविधाओं में वृद्धि करने वाला लोकहितकारी बजट माना जा रहा है।
