राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का कलेक्ट्रेट में समापन
- सुरक्षित यातायात का दिया गया संदेश
औरैया{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी का समापन समारोह शुक्रवार को मानस सभागार, कलेक्ट्रेट ककोर में आयोजित किया गया। शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ,पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के 180 से अधिक छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह, चश्मा तथा हेलमेट वितरित किए गए। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सड़क सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है और इसमें बच्चों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन) एन.सी. शर्मा ने किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी और सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं आमजन के सहयोग की सराहना की। समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी, यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने और नियमों के पालन का संकल्प लिया।
